मुख्य सामग्री पर जाएँ
बिहार राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कर्मचारी संघबिहार राज्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कर्मचारी संघBihar State Industrial Training Institute Employee Unionएकतासंघर्षसम्मानअधिकारनेशनल फेडरेशन ऑफ गवर्नमेंट आईटीआई एम्प्लॉयमेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया से सम्बद्ध

34वाँ द्विवार्षिक अधिवेशन सम्पन्न — नई प्रांतीय कमिटी का गठन

कार्यक्रम06 जून 2026

34वाँ द्विवार्षिक अधिवेशन सम्पन्न — नई प्रांतीय कमिटी का गठन

06 जून 2026 को सायं 5:00 बजे संघ के 34वें द्विवार्षिक अधिवेशन एवं राज्य सम्मेलन का उद्घाटन माननीय मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यकारी अध्यक्ष श्री शशि भूषण आर्य एवं कार्यकारी महासचिव श्री किशोर सहनी ने माननीय मंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया। अध्यक्षमंडल में श्री शशि भूषण आर्य, श्री विजय कुमार सिंह एवं श्री अमरेश पासवान उपस्थित रहे; संचालन श्री सुमन कुमार एवं श्री मनोज कुमार यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्री शशि भूषण आर्य ने कर्मचारी हितों से संबंधित 11 सूत्री मांगों को सदन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पदनाम परिवर्तन की मांग से सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा, अतः इसे शीघ्र स्वीकृत किया जाना चाहिए।

पूर्व संयुक्त महासचिव श्री विनोद बैठा ने पदनाम परिवर्तन तथा नॉन-CITS अनुदेशकों के लिए विभागीय स्तर पर CITS प्रशिक्षण की व्यवस्था का विषय प्रमुखता से उठाया। बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महासचिव श्री प्रेमचंद सिन्हा ने स्थानांतरण नीति, अवकाश स्वीकृति एवं अन्य लंबित मांगों के शीघ्र समाधान पर बल दिया।

प्रतिनिधि सत्र में श्री प्रवीण कुमार ठाकुर, अनुदेशक, राजकीय आईटीआई सुपौल ने आईटीआई अनुदेशकों के प्रारंभिक वेतनमान को लेवल-7 किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने CITS प्रशिक्षण एवं RPL योजना से जुड़ी एक महत्वपूर्ण विसंगति की ओर ध्यान आकर्षित किया — केंद्र सरकार की RPL योजना में CITS प्रशिक्षण हेतु न्यूनतम तीन वर्ष का अनुदेशक अनुभव आवश्यक है, जबकि बिहार सरकार की सेवा नियमावली में नियुक्ति के तीन वर्ष के भीतर CITS प्रशिक्षण पूर्ण करने की शर्त है। दोनों प्रावधान परस्पर विरोधाभासी हैं।

अपने संबोधन में माननीय मंत्री ने कहा कि आईटीआई कर्मचारी एवं अनुदेशक राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा कुशल मानव संसाधन तैयार करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों के प्रति संवेदनशील है तथा विभागीय एवं विधिक पहलुओं का अध्ययन कर मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

तत्पश्चात अधिवेशन कमिटी के निर्णय के अनुसार चुनाव पदाधिकारी श्री प्रमोद कुमार सिंह (सेवानिवृत्त प्रधान लिपिक) की देखरेख में गुप्त मतदान द्वारा चुनाव कराया गया। अध्यक्ष पद पर श्री विजय कुमार सिंह तथा महासचिव पद पर श्री सोलन कुमार यादव विजयी घोषित किए गए; कोषाध्यक्ष पद पर एकमात्र प्रत्याशी होने के कारण श्री अनुपानंद निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसके बाद नई प्रांतीय कमिटी का गठन किया गया।

सभी समाचारों पर जाएँ